चंडीगढ़। सेक्टर-40 सी में 78 वर्षीय बुजुर्ग को शनिवार शाम एक लावारिस कुत्ते ने बुरी तरह काट लिया। लहूलुहान बुजुर्ग ने जैसे-तैसे खुद को कुत्ते से छुड़ाया। इसके बाद वह जीएसएसएच-16 पहुंचे और इंजेक्शन लगवाया।
पीड़ित बुजुर्ग सेक्टर-40 निवासी तरसेम चंद गोयल ने बताया कि शनिवार शाम को लगभग साढ़े सात बजे वह पार्क से टहलकर घर की ओर लौट रहे थे तभी अचानक कुत्ता पीछे से आया और उनके पैर को दांतों से जकड़ लिया और काटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। उन्होंने किसी तरह खुद को कुत्ते से छुड़ाया। उसके बाद अपनी चप्पल निकालकर कुत्ते को डराया तो वह वहां से भाग निकला।
उन्होंने बताया कि गली में एक कुत्ता है जो बेहद आक्रामक है, उसने आतंक मचा रखा है। पहले भी वह कई लोगों को काट चुका है। दीपावली वाले दिन भी उसने मकान नंबर-2883 में किराए पर रहने वाले एक युवक को इसी तरह काट लिया था। युवक ने जींस पहनी थी जो पूरी तरह फट गई। कहा कि नगर निगम कितना भी दावा कर ले लेकिन शहर में कुत्तों को आतंक बढ़ता ही जा रहा है पीड़ित के मुताबिक, मोहल्ले में कुत्तों के डर से बुजुर्ग पार्क में टहलने से भी डरने लगे हैं।
बॉक्स
पंजाब सचिवालय में भी कुत्ते ने युवक को काटा था
कुछ दिन पहले सेक्टर-9 स्थित पंजाब सचिवालय के सामने भी एक कर्मचारी को बुरी तरह से कुत्ते ने काट लिया था। कर्मचारी किसी काम से बाहर आया था। इस दौरान कुत्तों का एक झुंड उसकी ओर लपक गया जिसमें एक कुत्ते ने कर्मचारी के पैर को बुरी तरह काट लिया।
बॉक्स
पीयू में भी कुत्तों का आतंक
पंजाब यूनिवर्सिटी में भी बंदरों और कुत्तों का आतंक कम नहीं है। कुत्ते स्टूडेंट सेंटर और विभागों के पास झुंड में घूमते रहते हैं। छात्र छात्राओं को इनसे डर बना रहता है। दूसरी ओर बंदरों का आतंक इतना है कि लोगों के एसी तक नीचे गिरा चुके हैं। घरों के बाहर सामान छोड़ते ही बंदर उसे उठा ले जाते हैं। इसे लेकर वहां रहने वाले प्रोफेसर और छात्र भी कई बार शिकायत कर चुके हैं।