सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर स्पेशलिस्ट के पदों पर नियुक्ति के लिए नहीं होगी लिखित परीक्षा और साक्षात्कार
शिमला। पीजीआई चंडीगढ़ से स्नातकोत्तर (पीजी) करने वाले डॉक्टरों के लिए हिमाचल प्रदेश में नौकरी के अवसर बढ़ेंगे। प्रदेश सरकार पीजीआई चंडीगढ़ और एम्स दिल्ली से पीजी करने वाले चिकित्सकों को मेडिकल कॉलेजों में सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर स्पेशलिस्ट के रिक्त पदों पर नियुक्त करने की व्यवस्था करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को इस संबंध में आवश्यक प्रावधान करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत इन डॉक्टरों की नियुक्ति सीधे भर्ती वाले अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित 33.33 प्रतिशत कोटे के अंतर्गत की जाएगी। चयन एमबीबीएस और स्नातकोत्तर परीक्षाओं में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर होगा। इसके लिए न तो लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी और न ही साक्षात्कार लिया जाएगा। ब्यूरो