चंडीगढ़। करवाचौथ के व्रत को लेकर महिलाएं काफी उत्साहित हैं। खरीदारी का दौर जाेरों पर चल रहा है। कपड़े, आभूषण से लेकर एक-एक चीज याद कर सबसे अलग खरीदने की कोशिश की जा रही है। इसके चक्कर में खरीदारी में घंटों गुजर रहे हैं। इस दौरान खानपान में की जा रही अनदेखी व्रत के दौरान उन्हें परेशानी दे सकती है। ऐसे में पीजीआई के आहार विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. नैंसी साहनी अभी से खान-पान में सावधानी बरतने की सलाह दे रही हैं जिससे व्रत के दौरान थकान और कमजोरी से बचाव के साथ ही चेहरे की चमक भी बरकरार रहे। डॉ. नैंसी का कहना है कि आमतौर पर करवाचौथ के अवसर पर महिलाएं तैलीय भोजन जैसे पूरी, आलू, पनीर बनाती हैं। इसे बेहद कम तेल में भी बनाया जा सकता है। मिठाइयों में सूखे मेवे से बनाई गई मिठाइयां ले सकती हैं, जिनमें मीठे की मात्रा कम से कम हो। इसके साथ ही कमजोरी या थकान दूर करने के लिए इनका सेवन कर सकते हैं। अलसी के बीजों में ओमेगा-3 फैटी एसिड मौजूद होते हैं। अलसी के बीजों की तासीर गर्म होती है इसलिए इसकी ज्यादा मात्रा का सेवन करने से बचें। शरीर में फाइबर की पर्याप्त मात्रा इंसान की भूख को लंबे समय तक कंट्रोल कर सकती है, इसलिए व्रत से एक दिन पहले ऐसी चीजें खाएं जिनमें फाइबर ज्यादा होता है। इसके लिए एवोकाडो, दाल, राजमा, ओट्स और चिया सीड्स सबसे बेहतरीन चीजें होती हैं।
करवाचौथ व्रत से एक दिन पहले ये खाएं
- आसानी से पचने वाले भोजन का सेवन करें। दाल, रोटी, सब्जी, खिचड़ी, खीर, छाछ, दही और दूध का सेवन कर सकते हैं।
- दाल और सब्जियों में नींबू निचोड़कर उसका सेवन करें, इससे थकान और सुस्ती दूर होगी।
- उपवास से पहले पानी की कमी को पूरा करने के लिए फलों का सेवन कर सकते हैं।
- उपवास के पहले नारियल पानी या नींबू पानी का सेवन करना चाहिए, इससे करवा चौथ व्रत के दिन हाइड्रेटेड रहेंगी।