मनीमाजरा। मौलीजागरां में डीजे जॉकी का काम कर घर लौट रहे युवक से दो बदमाश बाइक छीनकर भाग गए। आरोपियों ने जाते समय घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव दड़वा निवासी विशाल ने पुलिस को बताया कि वह पार्ट टाइम डीजे जॉकी का काम करता है। 17 मई की रात वह मौलीजागरां में एक बर्थ-डे पार्टी में काम खत्म करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था।
विशाल के अनुसार, विकास नगर और सुंदर नगर लाइट प्वाइंट के पास एक कैंटर गलत दिशा से आता दिखाई दिया। वह चालक को गलत दिशा में आने के बारे में बता ही रहा था कि मौके पर मौजूद दो पैदल युवक उसकी बाइक छीनी और भाग गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपी जाते समय धमकी देकर गए कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार देंगे। वारदात के बाद विशाल ने पुलिस को सूचना दी। मौलीजागरां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।