संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के खिलाड़ियों ने 11वीं हरियाणा राज्य ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य समेत छह पदक अपने नाम किए। करनाल के कर्ण स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन पर पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भिवानी 25 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन रहा, जबकि फतेहाबाद 21 पदकों के साथ दूसरे और हिसार 20 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता में भिवानी जिले ने 25 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा किया। फतेहाबाद 21 पदकों के साथ उपविजेता और हिसार 20 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। गुरुग्राम ने छह पदकों के साथ पदक तालिका में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
जिले की राखी ने लड़कियों के 20 वर्ष आयु वर्ग की 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में पानीपत की साक्षी ने स्वर्ण और दिव्या ने रजत पदक हासिल किया।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों और स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
प्रतियोगिता के पदक विजेता खिलाड़ी भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की ओर से निर्धारित मापदंडों के अनुसार देहरादून, उत्तराखंड में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेंगे। इससे खिलाड़ियों को आगे अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता का आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान के निर्देशन में किया गया। समापन अवसर पर आयोजकों और एथलेटिक्स हरियाणा के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। बालाजी स्पोर्ट्स सोनीपत के संस्थापक एवं समाजसेवी मोनू की ओर से तकनीकी अधिकारियों और वालंटियर टीम को खेल किट भी प्रदान की गई।