पंचकूला। शहर के सेक्टर-8 में अवैध तरीके से कंटेनर रखकर बनाया गया शराब का ठेका एचएसवीपी ने बुधवार को हटा दिया। क्रेन की मदद से कंटेनर को वहां से दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। अमर उजाला में खबर छपने के बाद एचएसवीपी के अधिकारियों ने संज्ञान लिया और बुधवार को कार्रवाई की।कुछ दिन पहले ही एक्साइज विभाग ने ठेके अलॉट किए थे। इनमें से ही एक ठेका सेक्टर-8 का भी है। फर्म ने सेक्टर-8 की मार्केट में कंटेनर रखकर ठेका शुरू कर दिया। इसे हटाने के लिए कुछ दिन पहले एचएसवीपी टीम गई थी। ठेकेदार ने टीम को विभाग की ओर से ली गई मंजूरी दिखाई। उस दिन एचएसवीपी टीम ने ठेके के चारों ओर खाई खोदकर छोड़ दी थी।
सीए ने किया था जेई को सस्पेंड
ठेकेदार को गलत तरीके से कंटेनर में ठेका चलाने की अनुमति देने के मामले में एचएसवीपी के मुख्य प्रशासक ने एक जेई को सस्पेंड कर दिया था। सूत्रों के अनुसार जेई ने यह मंजूरी एसडीओ के कहने पर दी थी। अधिकारियों की जांच में भी यह बात सामने आ रही है। संभव है कि उस एसडीओ के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।