चंडीगढ़। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पंजाब किग्स के दूसरे सह-मालिक की ओर से शेयर बेचने को लेकर फिल्म अभिनेत्री एवं सह मालिक प्रीति जिंटा के साथ चल रहा विवाद थम गया है। इस मामले में फिल्म अभिनेत्री की ओर से दायर की गई याचिका को जिला अदालत ने आपसी समझौते के बाद डिसमिस कर दिया है। दरअसल, पंजाब किंग्स के शेयर बेचने को लेकर कुछ समय पहले प्रीति जिंटा ने केपीएच ड्रीम क्रिकेट प्राइवेट कंपनी के सह मालिक मोहित बर्मन के खिलाफ याचिका दायर की थी। उन्होंने आरोप लगाए थे कि मोहित बर्मन ने अपने हिस्से के शेयर में से 11.5 प्रतिशत शेयर उन्हें बिना बताए बेच दिए हैं। इस मामले में अदालत ने मोहित बर्मन को जवाब देने के लिए सम्मन जारी किए। बर्मन ने अपने वकील के माध्यम से अदालत में जवाब दाखिल किया कि वह अब शेयर नहीं बेच रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में अगर वे शेयर बेचेंगे तो सह मालिकों को नोटिस देकर जानकारी देंगे। इस पर अदालत ने प्रीति जिंटा की ओर से दायर याचिका को आपसी समझौते के बाद डिसमिस कर दिया है।