चंडीगढ़। पिंजौर के मोरनी रोड स्थित सल्तनत रेस्टोरेंट के बाहर दिल्ली के रहने वाले विक्की, उसके भांजे तीर्थ और एक युवती की गोलियां मारकर हत्या करने से पहले साहिल सोलंकी उर्फ पोली ने एक ही दिन में दिल्ली में दो जगह फायरिंग की थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन साहिल हाथ नहीं लगा। इस वारदात के बाद गैंगस्टर कालू ककरोलिया और साहिल ने पंचकूला में ट्रिपल मर्डर को अंजाम दिया था। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि बीते छह नवंबर को दिल्ली के पश्चिम विहार में फायरिंग की दोनों घटनाओं में कालू शामिल नहीं था। बताया जा रहा है कि शूटर साहिल के दाएं हाथ की पहली उंगली कटी हुई है। वह बाएं हाथ से फायरिंग करता है। गैंगस्टर नंदू के भाई ज्योति बाबा से पूछताछ में अहम खुलासे हो सकते हैं। हालांकि, ज्योति बाबा अभी जेल में बंद है और उसके ऊपर मकोका लगा है।
दिल्ली में फायरिंग के बाद हुई थी दो गिरफ्तारी : बीते 6 नवंबर को पश्चिम विहार स्थित राज मंदिर हाईपर मार्केट के बाहर और द्वारका के छावला में वर्कशॉप के बाहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिेंग की थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने टिकरी में मुठभेड़ के बाद प्रिंस और प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी थी, जबकि तीसरा आरोपी साहिल फरार हो गया था। इस घटना के बाद आरोपी ने गैंगस्टर कालू के साथ मिलकर पंचकूला के पिंजौर में ट्रिपल मर्डर को अंजाम दिया। साहिल के साथी प्रवेश और प्रिंस की उम्र 19 साल है। ये दोनों बहादुरगढ़ के रहने वाले हैं।