लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पुलिस महानिदेशक ने ली वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर हरियाणा पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं। केंद्रीय सुरक्षा बलों की 112 कंपनियां, 35 हजार पुलिसकर्मी और 24 हजार होम गार्ड सुरक्षा का मोर्चा संभालेंगे। बूथों के साथ-साथ चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की नजर रहेगी। इसके अलावा, पुलिस की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कहीं से भी संदेश मिलते ही तुरंत सुरक्षा बल अलर्ट होंगे। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 1039 पेट्रोल टीमों का भी गठन किया गया है। डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने साफ संकेत दिए हैं कि ड्यूटी के मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चुनावों में सुरक्षा को लेकर डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रदेशभर के सभी पुलिस आयुक्तों और एसपी के साथ बैठक की। बैठक में चुनाव को लेकर मंथन किया गया और रणनीति भी तैयार की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार ने कानून व्यवस्था बनाए रखने संबंधी तैयारियां की रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में बताया गया कि पुलिस अधीक्षक, जिला उपायुक्त के साथ तालमेल स्थापित रखें। साथ ही पुलिस अधिकारी से लेकर ड्यूटी पर तैनात अंतिम पुलिसकर्मी तक को मैसेज साफ और स्पष्ट होना चाहिए। डीजीपी ने कहा कि सभी बूथ सुरक्षा के घेरे में होंगे और संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा होगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सीआईडी आलोक मित्तल, एडीजीपी साइबर ओपी सिंह, एडीजीपी अमिताभ ढिल्लों, आईजी कानून एवं व्यवस्था हरदीप दून आदि मौजूद रहे।
पर्याप्त पुलिस बल, सुदृढ़ सुरक्षा तंत्र
बैठक में बताया गया कि हरियाणा के पास सुरक्षा को लेकर पर्याप्त पुलिस बल है। मतदान के दिन चेकिंग के लिए राज्य के अंदर और राज्य की सीमाओं पर कुल 300 नाके लगाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश में 418 फ्लाइंग स्क्वाड टीम, 415 स्टेटिक सर्विलांस टीम और 34 क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने को लेकर 1039 पेट्रोलिंग पार्टी भी लगाई गई हैं जो दिन-रात गश्त कर रही हैं।