महेंद्रगढ़ से बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के सुरेंद्र ढिल्लो ने कहा कि हमें उन लोगों के काम नहीं करवाने चाहिए, जिन्होंने हमारे साथ गद्दारी की है। हमें अपने लोगों के ही चाय के कार्यक्रम पर शामिल होना चाहिए। हमें ऐसा कोई काम नहीं करना, जिससे कि पार्टी का नाम खराब हो। पार्टी पदाधिकारी जय पाल ढांडा ने कहा कि यदि हमारे जिले में भाजपा का मंत्री आ रहा है तो पार्टी वर्कर को जाना चाहिए या नहीं? स्वागत करना है या नहीं? कार्यकर्ता संशय में हैं।
नये को सम्मान मिलना चाहिए, लेकिन पुरानों को दरकिनार नहीं करें
कैथल के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रधान सुरेश राणा ने कहा कि काम करवाने के लिए हम भी लाइन भी लगते हैं और कांग्रेस वाले भी लाइन में ही लगे रहते हैं। इसलिए इज्जत रखने के लिए पुराने कार्यकर्ताओं के आई कार्ड बनाए जाएं। चंडीगढ़ सचिवालय जाते हैं तो भीड़ लगी रहती। एक अन्य पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव के समय हमें अन्य दलों के नेताओं को शामिल करके समझौता करना पड़ा। परिस्थितियां कुछ ऐसी थीं। जिन हल्कों में दूसरे पार्टी के नेता आकर जीत गए, उसमें हमारे कार्यकर्ता अब भी अपने को अपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
एक दिन पहले पार्टी में शामिल हुए नेता विधायक बनकर हावी होने की कोशिश कर रहे हैं। नये को सम्मान मिलना चाहिए, लेकिन पुरानों को दरकिनार नहीं करना चाहिए। तब पार्टी के नेता केसी बांगड़ ने मंच पर संबोधित किया कि हम एक साल के सफर में सत्ता तक पहुंचे हैं। वर्षगांठ मना रहे हैं। कैसे आगे बढ़ें, इस पर सुझाव देने चाहिए।
दिग्विजय बोले - पार्टी में केवल एक ही नेता
इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय ने माइक संभाला। दिग्विजय ने कहा कि आज कोई भी सुझाव दें, जो पार्टी की जरूरत के अनुसार है। आज का एजेंडा पार्टी की वर्षगांठ को एक साल पूरा होने का है। तभी केसी बांगड़ ने कहा कि पार्टी ने पार्टी विरोधी काम करने वाले छह लोगों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
इसके पश्चात दिग्विजय चौटाला ने कहा कि वक्त आएगा कि उप मुख्यमंत्री के नाम से उप शब्द हटेगा। जजपा लालकिले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएगी। उनका विचार है कि पार्टी के स्थापना दिवस पर अगले वर्ष रैली की जाए। यह रैली हरियाणा दिवस पर 25 सितंबर और नौ दिसंबर को ही मनाई जाए। या फिर अजय चौटाला के जन्म दिवस पर 13 मार्च को, इस पर पार्टी विचार करें।
छह साल से इनसो की कमान संभाल रहा हूं, अब नए साथी को दी जाए जिम्मेदारी: दिग्विजय
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि वह पिछले छह साल से इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभाल रहे हैं। अब चाहता हूं कि किसी नए साथी को यह जिम्मेदारी दी जाए, पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे संभालेंगे।
दिविग्जय ने कहा कि दुष्यंत राज-काज संभाल रहे हैं। कोई उनके मामलों में दखल न दें। उन पर विश्वास रखें। उप शब्द भी हट जाएगा। कोई भी कार्यकर्ता ऐसा काम नहीं करेगा, जिससे कि हमें नीचा देखने का अवसर मिले।
पुरानी पार्टी में कई ठेकेदार बने थे, जजपा में कोई अन्य ठेकेदार न बनें
दिग्विजय ने इनेलो का नाम लिए बिना कहा कि पुरानी पार्टी में कई लोग ठेकेदार बने हुए थे। इस पार्टी का एक ही नेता हैं और वह दुष्यंत है। कोई ठेकेदार ना बनें। बहुत सारे लोग सत्ता का दुरुपयोग करना चाहते हैं। गांव के कार्यकर्ता सही काम के लिए किसी भी समय दुष्यंत से मिल सकते हैं। किसी ठेकेदार के पास नहीं जाना पड़ेगा।
वहीं प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता पर्ची के लिए हर जगह उनका रास्ता न रोकें। नकली साथ रिश्तेदारी निकाल कर विरोधी का काम करवाते हैं। उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि बराड़ा में एक पार्टी पदाधिकारी ने विरोधी गतिविधियों में शामिल था। मैं निमंत्रण मिलने पर विवाह समारोह में शामिल हो गया, लेकिन बाद में उसकी गतिविधियों का पता चला।