जीएमसीएच-32 में शुक्रवार को इंडिया डाइटिक्स एसोसिएशन के सहयोग से डाइटेटिक्स-डे मनाया गया। डाइटिक्स विभाग की ओर से एक शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में 45 से ज्यादा मरीजों को खान-पान और उनके आहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें गर्भवती महिलाओं से लेकर सीनियर सिटीजन के लोगों के लिए विशेष आहार के बारे में बताया गया। इसमें डायबिटिज, हाइपरटेंशन, मोटापा व कार्डियक डिसीज के मरीज शामिल थे।
विभाग की ओर से अलग-अलग स्टाल बनाए गए थे। इनमें कई रोगियों के लिए अलग-अलग रेसिपी बनाकर दर्शाई गईं थी। मरीजों की पहले काउंसिलिंग की गई। उन्हें डाइट चार्ट भी बनाकर दिया गया।
शिविर का उद्घाटन जीएमसीएच 32 के डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रोफेसर अतुल सचदेवा ने किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि विभाग की ओर से ऐसे आयोजन हो रहे हैं।
आजकल हर कोई ऐसी डाइट चाहता है, जिससे वह स्वास्थ्य रहे। उसके बाद कई लेक्चर आयोजित किए गए। विभाग की ओर से आहार से संबंधित हिंदी व अंग्रेजी में पंफलेट भी प्रकाशित किए थे।
उद्घाटन समारोह के दौरान एडिशनल डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन अमनदीप, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रोफेसर एके जनमेजा व डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रोफेसर राम सिंह भी मौजूद रहे।
इस मौके पर इंडियन डाइटेटिक्स एसोसिएशन के चंडीगढ़ चैप्टर के प्रेसिडेंट रतना बोस गेस्ट आप ऑनर के रूप में उपस्थित हुईं। उन्होंने फेट व आयल के बारे में लोगों को विस्तार से बताया।
पीजीआई में डाइटेटिक्स डे
एडवांस कार्डियक सेंटर में भी डाइटेटिक्स डे पर एक एग्जिबिशन का आयोजन किया गया। एग्जिबिशन का उद्घाटन पीजीआई के डायरेक्टर प्रोफेसर वाईके चावला ने किया।
इस मौके पर मुख्य फोकस हेल्दी हार्ट के बारे में रहा। इस दौरान विभिन्न चार्ट के जरिए बताया गया कि कैसे बचपन से ही हार्ट को स्वास्थ्य रखा जाता है। बच्चों को फिजिकल एक्टिविटीज देने के बारे में भी बताया गया।