चंडीगढ़। सांसद किरण खेर और उनके राजनीतिक सहयोगी सहदेव सलारिया से जान का खतरा बताने वाले मनीमाजरा निवासी व्यापारी व निवेश सलाहकार चैतन्य अग्रवाल बुधवार को भी अपने घर नहीं पहुंचे। इस मामले में चैतन्य अग्रवाल के पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट पहुंचने के बाद उनके घर पर एक निजी सुरक्षाकर्मी तैनात है। बताया जा रहा है कि चैतन्य अग्रवाल कुछ दिनों से घर पर नहीं हैं। पुलिस ने कहा कि चैतन्य अग्रवाल जैसे ही घर आएं तो इसकी सूचना दी जाए।
दरअसल, चैतन्य अग्रवाल की याचिका पर हाईकोर्ट ने पुलिस को आदेश दिए थे कि एक सप्ताह में सुरक्षा प्रदान की जाए। अग्रवाल ने कहा था कि उन्हें और उनके परिवार को सांसद किरण खेर और सहदेव सलारिया की तरफ से धमकियां मिल रही हैं।
दूसरी ओर, सेक्टर-26 थाना पुलिस सांसद खेर की शिकायत पर कार्रवाई में भी जुटी है। खेर ने पुलिस मुख्यालय के पब्लिक विंडो पर अपनी शिकायत दी थी। इसमें चैतन्य अग्रवाल पर धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगाए हैं। पुलिस इस मामले में जल्द सांसद खेर के बयान दर्ज कर सकती है। वहीं, निवेश के दस्तावेज की जानकारी भी हासिल की जा रही है। दूसरी ओर, पुलिस चैतन्य अग्रवाल के सामने आने पर जांच में शामिल होने के लिए कहेगी।
खेर ने शिकायत में कहा है कि चैतन्य अग्रवाल ने निवेश के नाम पर आठ करोड़ लिए थे मगर केवल दो करोड़ ही लौटाए। यह रकम सेक्टर-26 थाना क्षेत्र के सेक्टर-7 में दी गई थी। चैतन्य अग्रवाल के मुताबिक वह खेर को दो करोड़ वापस कर चुका है मगर किसी कारणवश बाकी रकम वापस नहीं कर पाया, जिसके बाद से उन्हें धमकियां दी जा रहीं।