चंडीगढ़। पशुपाल विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर ढाई लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंबाला के विजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पंचकूला सेक्टर-4 के डिप्टी डायरेक्टर अशोक कुमार से पशुपालन विभाग में ड्राइवर की नौकरी लगवाने की बात हुई थी। दोनों की मुलाकात चंडीगढ़ में हुई। अशोक कुमार ने इसके लिए उससे ढाई लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने दो लाख 20 हजार रुपये कैश और 30 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद न तो आरोपी ने उसे नौकरी लगवाया और न ही उसके पैसे वापस किए। विजय ने मामले की शिकायत सेक्टर-17 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस अशोक कुमार से इस मामले में पूछताछ करेगी।