दुष्यंत चौटाला ने कहा कि तीन महीने की पार्टी द्वारा 10 विधायकों को बनाना अपने आप में बड़ी सफलता है। यह सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत से मिली है।
निजी क्षेत्र में हरियाणा के युवाओं को मिलेगी 75 प्रतिशत नौकरियां
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब निजी क्षेत्र की कंपनियों में हरियाणा के युवाओं को 75 प्रतिशत नौकरियां दी जाएंगी। आगामी विधानसभा के सत्र में इस बिल को पास करवाकर इसे कानून बनाने का काम किया जाएगा।
हरियाणा को किया जाएगा रेलवे फाटक मुक्त: उपमुख्यमंत्री
अगले बजट तक हरियाणा को रेलवे फाटक मुक्त किया जाएगा। दिल्ली से लेकर जाखल, दिल्ली से लेकर महेंद्रगढ़, दिल्ली से लेकर सिरसा के अलावा पूरे हरियाणा में किसी भी रेलवे लाइन पर फाटक को नहीं रहने दिया जाएगा। फाटक की जगह फ्लाईओवर या अंडरपास बनाए जाएंगे। यह बात उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कही। रैली के दौरान विधायक ढांडा ने उपमुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपकर जुलाना में रेलवे लाइन पर फ्लाईओवर बनाने की मांग की तो दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जुलाना ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा को रेलवे फाटक मुक्त किया जाएगा।
लापता बेटे की तलाश की फरियाद लेकर पहुंची महिला को दुष्यंत से नहीं मिलने दिया
जुलाना की पुरानी अनाज मंडी में पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री से लापता बेटे को तलाश करने की गुहार लगाने पहुंची महिला को मिलने नहीं दिया गया। उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने शिकायत को लेकर मंच तक पहुंचा दिया मगर महिला को मिलने नहीं दिया। इससे महिला को बैरंग लौटना पड़ा।
गौरतलब है कि शादीपुर के वार्ड नंबर आठ निवासी संदीप 18 जनवरी को लापता हो गया था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि वह इस मामले में कई बार पुलिस अधिकारियों से भी मिल चुके हैं लेकिन पुलिस इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाए हुए है। पुलिस द्वारा कोई भी कार्रवाई नही की जा रही जबकि संदीप गाड़ी सहित लापता हुआ है। मामले की जांच के लिए परिजन परिवेदना समिति की बैठक में पहुंचे श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक से भी मिल चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस संदीप का कोई भी सुराग लगाने में नाकाम रही है।