चंडीगढ़। लाल डोरे के बाहर हो रहे अवैध निर्माण के खिलाफ यूटी प्रशासन अब अभियान छेड़ने जा रहा है। डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने मंगलवार को एडीसी केपीएस माही व तीनों एसडीएम के साथ एक बैठक की और लाल डोरे के बाहर हो रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए।
बैठक में डीसी ने तीनों एसडीएम की अध्यक्षता में विशेष इन्फोर्समेंट टीमों का भी गठन किया, जो शहर के विभिन्न हिस्सों में जाकर औचक निरीक्षण करेंगी और जहां कहीं भी अवैध निर्माण किया जा रहा होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, जबसे शहर में लाल डोरे के बाहर के निर्माण को नियमित करने की बातें शुरू हुई हैं, उसके बाद से लाल डोरे के बाहर अवैध निर्माण काफी बढ़ गया है। यूटी प्रशासन को बीते कई महीनों से लाल डोरे के बाहर हो रहे निर्माण की शिकायतें मिल रहीं थीं, लेकिन प्रशासन के अधिकारियों ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। अब जब काफी हद तक निर्माण कार्य हो चुके हैं, तो अब प्रशासन के अधिकारियों की नींद खुली है और उन्होंने एसडीएम की अध्यक्षता में टीमें बनाई हैं। हालांकि ये टीमें कितने अवैध निर्माणों को होने से रोक पाएंगे, ये आने वाला समय ही बताएगा।
दड़वा और खुड्डा अलीशेर में अवैध निर्माण पर कार्रवाई
उधर, डीसी के आदेश के बाद सभी एसडीएम हरकत में आ गए और दड़वा में लाल डोरे के बाहर हो रहे अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू कर दी। एसडीएम (ईस्ट) रुचि सिंह बेदी की निगरानी में एक टीम ने दड़वा गांव का दौरा किया। यहां टीम ने पाया कि लाल डोरे के बाहर कई अवैध निर्माण किए जा रहे थे, जिसे कर्मचारियों की मदद से तुरंत गिरा दिया गया और आगे निर्माण नहीं करने के आदेश जारी किए गए। वहीं, एसडीएम (सेंट्रल) की टीम ने खुड्डा अलीशेर में निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पाया कि वहां एक मकान की नींव डाली जा रही थी, जिसे मौके पर ही हटा दिया गया और आगे निर्माण नहीं करने के आदेश जारी किए गए।