चंडीगढ़। डेंगू जागरूकता माह को लेकर वीरवार को जीएमएसएच-16 में लोगों को डेंगू से बचाव संबंधी जानकारी देने के लिए पंफलेट बांटे गए। अस्पताल की इमरजेंसी, ओपीडी और परिसर में जगह-जगह डेंगू संबंधी जागरूकता के बोर्ड लगाए गए। अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. वीके नागपाल ने बताया कि बरसात के साथ ही डेंगू, मलेरिया का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में जरूरी है कि खुद को मच्छरों से बचाया जाए। आसपास पानी एकत्रित न होने दिया जाए। बुखार आने पर कोरोना आशंका से डरने के बजाय उसकी जांच कराएं। डेंगू या मलेरिया के लक्षण के साथ आने वाले बुखार में इलाज में लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है। उन्होंने बताया कि कोरोना के कारण डेंगू जागरूकता माह के अंतर्गत व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान नहीं हो पा रहा है। ऐसी स्थिति में लोगों को अपने स्तर पर जागरूक होने की जरूरत है, ताकि वे अन्य बीमारियों से खुद को बचा सकें।