चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 में एमबीबीएस में दाखिला के लिए ओबीसी कैटेगिरी के अभ्यर्थियों को 27 प्रतिशत आरक्षण लागू न किए जाने के विरोध में शनिवार को प्लाजा में प्रदर्शन हुआ। ओबीसी फेडरेशन के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में यादव लोक कल्याण सभा, भारतीय मौर्य समाज, प्रजापति समाज, यादव सभा पंचकूला तथा ट्राइसिटी की अन्य संस्थाएं शामिल हुईं। इस दौरान विचार गोष्ठी का आयोजन भी हुआ और इसके बाद कैंडल जलाकर रोष व्यक्त किया गया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चंडीगढ़ प्रशासन और केंद्र सरकार से जीएमसीएच-32 में ओबीसी के अभ्यर्थियों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण को इसी सत्र से लागू किए जाने की मांग की। इस अवसर पर ओबीसी फेडरेशन के चेयरमैन बलविंदर मुल्तानी, यादव लोक कल्याण सभा चंडीगढ़ के अध्यक्ष राजमणि यादव, पूर्व डीएसपी विजय पाल यादव, संजीव कुमार वर्मा, मुनी लाल यादव, रामेश्वर यादव, राजेश मौर्या सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक अधिकारों के साथ छेड़छाड़ को ओबीसी समाज किसी भी प्रकार से बर्दाश्त नहीं करेगा। अपने संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई के लिए सड़क से लेकर के संसद तक और न्यायालय से लेकर राष्ट्रपति तक अपनी बात रखेंगें। इस दौरान हरिनारायण यादव, ओम प्रकाश यादव, दयाशंकर यादव, रामनिवास प्रजापति, कामेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में ओबीसी समाज से संबंधित महिलाएं, विद्यार्थी, बच्चे सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।