चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) के इंफोर्समेंट विंग ने सोमवार को मलोया में अवैध निर्माण के खिलाफ ड्राइव चलाई। इस दौरान चार मकानों से अवैध निर्माण को गिरा दिया गया। इस संबंध में बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि वह मलोया में उन मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, जिन्हें निर्माण रोक कर तुरंत इसे हटाने के निर्देश दिए गए थे।
अधिकारी ने बताया कि नोटिस के बावजूद लोगों ने आदेशों की पालना नहीं की तो बोर्ड ने खुद ही सोमवार से निर्माण गिराना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि यहां कई अलॉटियों का चालान किया गया है, जिनके खिलाफ आगे जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी फ्रेश कंस्ट्रक्शन होती है, वह तुरंत उसके खिलाफ कार्रवाई करते हैं। बोर्ड की ओर से बिना परमिशन कंस्ट्रक्शन करने पर नोटिस जारी किया जाता है और कंस्ट्रक्शन रोकने और वायलेशन हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया जाता है। अगर तीन दिन के अंदर कंस्ट्रक्शन रोककर वायलेशन नहीं हटाई जाती तो बोर्ड की तरफ से कार्रवाई की जाती है। बोर्ड की ओर से ड्राइव पर आया खर्च भी अलॉटियों से ही वसूला जाता है।