श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने पंजाब सरकार से मांग की है कि डेरा सिरसा के प्रमुख की फिल्म मैसेंजर ऑफ गॉड पर रोक लगाई जाए।
प्रेसवार्ता में ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा कि कई आपराधिक मामलों में वांछित डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम द्वारा बनाई गई फिल्म लोगों को गुमराह करने वाली है। उन्होंने कहा कि सरकार दोगली नीति छोड़कर इस फिल्म पर बैन लगाए। जत्थेदार ने कहा कि यह फिल्म पंजाब की शांति के लिए खतरा हो सकती है।
उधर, ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट़्स फेडरेशन के अध्यक्ष करनैल सिंह पीर मोहम्मद ने कहा कि ऐसी फिल्मों को पंजाब में प्रदर्शित नहीं होने देना चाहिए। अकाली दल अमृतसर के नेता दलबीर सिंह ने भी फिल्म पर बैन लगाने की मांग की।
हालांकि फिल्म 16 जनवरी को रिलीज हो रही है, मगर इसके विरोध में कई सिख जत्थेबंदियों ने मोर्चा खोल दिया है। संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना है कि फिल्म को पंजाब के सिनेमा घरों में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।