चंडीगढ़। दो हजार रुपये तक के यूपीआई और रुपे डेबिट कार्ड लेन-देन पर शुल्क नहीं लेने का निर्णय 15 अक्टूबर से लागू होगा। इसकी जानकारी उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए प्रशासक सलाहकार परिषद के सदस्य अजय जग्गा ने चंडीगढ़ में विशेष जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासक और उपभोक्ता मामले विभाग को पत्र लिखा है।
जग्गा ने कहा कि यूपीआई का इस्तेमाल किराना, दवाइयों, भोजन और परिवहन समेत रोजमर्रा के भुगतानों में बड़े स्तर पर होता है। इसलिए उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों और शिकायत प्रक्रिया की जानकारी मिलनी चाहिए। उन्होंने सेक्टरों और बाजारों में जागरूकता शिविर लगाने, पोस्टर व डिजिटल माध्यमों से जानकारी देने का सुझाव दिया। सामग्री हिंदी, पंजाबी और अंग्रेजी में सरल भाषा में उपलब्ध कराने की मांग की गई है।