अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बाढ़ से हुए नुकसान और धान की कम पैदावार के साथ-साथ हल्दी रोग और चीनी वायरस से भी फसल को नुकसान हुआ है। इस क्षति के लिए तत्काल मुआवजे के साथ-साथ बोनस देने की भी मांग की है। इसके लिए शिरोमणि अकाली दल (पुनर्गठित) सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों पर उपायुक्तों को पंजाब सरकार और केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपेगा। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि पंजाब में बाढ़ से हुई भारी तबाही के कारण पंजाब के किसान भारी आर्थिक संकट और मानसिक अशांति से गुजर रहे हैं लेकिन केंद्र और राज्य सरकारें आपसी बयानबाजी और बहस में उलझी हुई हैं। इस दौरान कई जिलों में तो करीब 90 प्रतिशत से ज्यादा फसलें बर्बाद हो गई हैं। पंजाब के एक बड़े हिस्से में धान की फसल पर लगे हल्दी रोग और चाइना वायरस के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। असमय फसल रोगों के कारण पैदावार भी लगभग 40% कम हो रही है जिससे किसानों को दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ रही है।