चंडीगढ़। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व व्यापारी नेता कैलाश चंद जैन ने कोरोना के कारण प्रभावित आयात-निर्यात व्यापार को राहत देने की मांग की है। इस संबंध में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर जैन ने कहा है कि महामारी की अवधि को निलंबित एनिमेशन अवधि के रूप में मानते हुए आयात-निर्यात संबंधी सभी प्रकार के लाइसेंस, अधिकार पत्र व अनुमतियों की अवधि खुद ही 6 महीने बढ़ाने की मांग की है। पत्र में कैलाश चंद जैन ने कहा है कि केंद्र सरकार ने 2015-20 के लिए लागू वर्तमान विदेश नीति को 31 मार्च 2021 तक बढ़ाने का फैसला लिया है। इस नीति के तहत विभिन्न परिवर्तनों को भी एक वर्ष की छूट दे दी है। इसके अलावा विभिन्न शुल्क मुक्त आयात प्राधिकरण के तहत आयात करने की वैधता जो 1 फरवरी 2020 और 31 जुलाई 2020 के बीच समाप्त हो रही थी, उन्हें भी 6 महीने की विस्तार की अनुमति दे दी है। वहीं जिन प्राधिकरण की वैधता की अवधि 31 जुलाई 2020 के बाद समाप्त हो रही है, उन्हें कोई राहत नहीं दी गई है जबकि ऐसे प्राधिकरण भी महामारी के समय में निष्क्रिय हो गए थे। इसलिए 6 माह के इस अनिश्चितता के दौर की अवधि को निलंबित एनिमेशन मानते हुए सभी प्राधिकरण, अधिकार पत्र और अनुमतियों की वैधता को अपने आप 6 माह के लिए बढ़ा दिया जाए।