चंडीगढ़। ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, चंडीगढ़ के प्रयासों से ब्रिक्स देशों, विशेषकर साउथ अफ्रीका के साथ व्यापारिक अवसरों को साझा करने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। चैंबर के अध्यक्ष दीपक शुक्ला और चंडीगढ़ हेड अजय कुमार बांगर ने बताया कि कार्यक्रम में ब्रिक्स विमेंस बिजनेस अलायंस (साउथ अफ्रीका) की नेशनल चेयरपर्सन लेबोगैंग जुलु ने रूस, मिस्र, इथियोपिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापारिक अनुभव साझा किए। वह एक्सपैंडेड ब्रिक्स विमेंस फाउंडेशन की प्रेसिडेंट और इंडिया-साउथ अफ्रीका चैंबर ऑफ कॉमर्स की वाइस प्रेसिडेंट भी हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में चंडीगढ़ के पूर्व मेयर और प्रशासक सलाहकार समिति के सदस्य देवेश मौदगिल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने साउथ अफ्रीका से आए प्रतिनिधिमंडल और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद से आपसी संबंध मजबूत होंगे और व्यापार के नए अवसर खुलेंगे। मौदगिल ने चंडीगढ़ को योजनाबद्ध विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे वाला शहर बताते हुए कहा कि यहां पारदर्शी प्रशासन और अनुकूल व्यावसायिक माहौल नवाचार और निवेश को प्रोत्साहित करता है।