दंगल गर्ल बबीता फौगाट दिल्ली चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगी। यह बात बबीता फौगाट ने पत्रकारों से बातचीत में कही। बबीता बुधवार को शहर के पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले में भाग लेने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह सीधे दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
अभी अमित शाह की रैली है, उसमें भाग लेने जा रही हूं। दिल्ली चुनाव में भाजपा की स्थिति पर उन्होंने कहा कि पार्टी की तैयारियां अच्छी चल रही हैं। देश में खेल सुविधाओं पर उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारें खेलों व खिलाड़ियों के लिए बहुत कुछ कर रही हैं। खेलो इंडिया के माध्यम से कैडेट स्तर के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं ओलंपिक में चयनित खिलाड़ियों को भी पूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे ओलंपिक में बढ़िया प्रदर्शन करें।