चंडीगढ़। चंडीगढ़ कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (सीसीपीसीआर) ने सभी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए डिक्लेमेशन कॉन्टेस्ट आयोजित किया। यह आयोजन महीनेभर चलने वाले कार्यक्रम सशक्त बाल महोत्सव 3.0 (एसबीएम-3.0) के अंतर्गत करवाया गया।
यह प्रतियोगिता सेक्टर 36-डी के गुरु नानक पब्लिक स्कूल में हुई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में चंडीगढ़ के 20 स्कूल क्लस्टरों से चुने गए कुल 34 विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने पर्यावरण संकट, शिक्षा का भविष्य, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और जेंडर समानता जैसे आज के महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रभावी भाषण दिए। छात्रों की भाषा पकड़, सोच और आत्मविश्वास ने दर्शकों और जजों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में सीसीपीसीआर की चेयरपर्सन शिप्रा बंसल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सामाजिक व वैश्विक मुद्दों को समझने और उन पर बोलने के लिए तैयार करना है।