चंडीगढ़। धनास स्थित मछली मार्केट के पास पुरानी रंजिश के चलते चार युवकों ने डंडे और रॉड से जानलेवा हमला कर एक युवक को लहूलुहान कर दिया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान सेक्टर-37 निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है।
उधर, पुलिस ने चारों हमलावरों सेक्टर-29 निवासी काकू, सेक्टर-37 निवासी दिलीप, विक्की और मलोया निवासी साइको के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकयत में विजय कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-37 का रहने वाला है। बीते शुक्रवार को वह किसी काम से जा रहा था। आरोप है कि धनास स्थित मछली मार्केट के पास पहुंचा तो उक्त आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर उस पर रॉड और डंडों से हमलाकर उसे लहूलुहान कर दिया। शोरशराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों को पास आते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता और आरोपियों की आपस में रंजिश चल रही थी। सारंगपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी 307,341 और 34 के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।