चंडीगढ़। डड्डूमाजरा स्थित टिकोना पार्क के पास वीरवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवा दिया है। खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
घटना वीरवार सुबह करीब 7.30 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि डड्डूमाजरा स्थित टिकोना पार्क के पास एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा है। सूचना पर पीसीआर समेत मलोया थाना प्रभारी चिरंजीलाल मौके पर पहुंचे और बेसुध पड़े व्यक्ति को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में व्यक्ति के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। उसकी उम्र 45 से 50 वर्ष के बीच है। मलोया पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों का बयान दर्ज कर व्यक्ति की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।