चंडीगढ़ के सेक्टर-46 स्थित एक मकान में गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एयरफोर्स कर्मी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी सुशील चौधरी (40) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में मृतक के शरीर पर खून लगा था लेकिन कोई जख्म नहीं था। पुलिस ने अंदेशा जताया कि हो सकता है कि सुशील ने खून की उल्टी की हो। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना गुरुवार सुबह करीब 9.15 बजे की है। पुलिस के अनुसार, सुशील चौधरी पिछले काफी समय से सेक्टर-46 स्थित मकान नंबर 1180 में अकेले रह रहे थे। वह एयरफोर्स में बतौर टेलीफोन अटेंडेंट कार्यरत थे। गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने देखा कि वह अपने कमरे में बेड पर बेसुध पड़े हैं।
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुशील को जीएमसीएच-32 पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि सुशील के शरीर और बेड पर खून लगा है। पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया कि सुशील नशे का आदी था और वह पिछले काफी समय से ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था। सुशील पत्नी से अलग रहता था और उसका एक बेटा भी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जहां कोरोना की रिपोर्ट आने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में सभी एंगल से छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर सुशील के मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।