चंडीगढ़। डीसी ऑफिस के क्लर्क ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 25 साल का युवक सेक्टर-35 में किराए पर रहता था। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर- 16 अस्पताल की मोर्चेरी में रखवा दिया। मृतक की पहचान लुधियाना निवासी हरीश चंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-17 स्थित डीसी ऑफिस में क्लर्क का काम करने वाला हरीश सेक्टर-35 में रूम मेट के साथ किराए पर रहता था। बुधवार रात को उसके रूम मेट और मकान मालिक ने देखा कि हरीश फंदे से लटका हुआ है। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने हरीश को फंदे से उतारा और सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार हरीश ने दिन के समय आत्महत्या कर ली थी लेकिन रात को इसका पता लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।