फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएवी कॉलेज के पूर्व छात्र नीरज चोपड़ा ने 19 साल बाद वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत को दिलाया पदक

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। अमेरिका के यूजीन में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इससे शहर व आसपास के खेल प्रेमी उत्साहित हैं। डीएवी कॉलेज के पूर्व छात्र नीरज ने चौथे राउंड में 88.13 मीटर दूर भाला फेंक रजत अपने नाम किया। भारत ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 19 साल बाद पदक जीता है। इससे पहले महिलाओं में दिग्गज एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2003 में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए हैं। वहीं इस प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं।
विज्ञापन

डीएवी कॉलेज के हाल ऑफ फेम में होंगे शामिल
नीरज चोपड़ा की उपलब्धि पर डीएवी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. पवन शर्मा ने बधाई दी। कॉलेज के प्रोफेसर व एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव रविंदर चौधरी ने बताया कि नीरज ने देश के साथ डीएवी कॉलेज को भी गौरवान्वित किया है। कॉलेज प्रबंधन ने नीरज चोपड़ा की बड़ी तस्वीर हॉल ऑफ फेम में लगाने का निर्णय लिया है।
कोच नसीम अहमद बोले-अपने ट्रेनी पर है मान
नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो की शुरुआत पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम के कोच नसीम अहमद से कोचिंग लेते हुए की थी। कोच नसीम अहमद ने बताया कि उस समय बेहतर जेवलिन खरीदने का भी प्रबंध नहीं था। हालांकि अभ्यास शुरू किया और आज विश्व स्तर पर देश का मान बढ़ाया है। हमें अपने ट्रेनी पर मान हैं।
विज्ञापन

नीरज ने लगातार प्रदर्शन को सुधारा
ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा पहले प्रयास में फेल हो गए थे। उनके पहले थ्रो को फाउल घोषित किया गया था। उसके बाद चोपड़ा ने दूसरे राउंड में 82.39 मीटर दूर भाला फेंका। नीरज के प्रतिद्वंद्वी ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने पहले प्रयास में 90.21 मीटर और दूसरे राउंड में 90.46 दूर भाला फेंककर नीरज पर दबाव बना दिया था। इसके बाद नीरज ने तीसरे और चौथे राउंड में लगातार अपने प्रदर्शन को सुधारा। वह तीसरे राउंड में 86.37 और चौथे राउंड में 88.13 मीटर दूर भाला फेंकने में सफल रहे। नीरज पांचवें राउंड में फेल हो गए। पीटर्स 90.54 मीटर की दूर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब हुए। चेक गणराज्य के जाकुब वादलेज्च 88.09 स्कोर के साथ कांस्य जीतने में सफल हुए।
फाइनल में नीरज का प्रदर्शन पहला राउंड फाउल
दूसरा राउंड 82.39
तीसरा राउंड 86.37
चौथा राउंड 88.13
पांचवां राउंड फाउल
छठा राउंड फाउल
सीजन में नीरज का शानदार फॉर्म
इस सीजन में चोपड़ा ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने दो बार अपना व्यक्तिगत श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 14 जून को फिनलैंड के पावो नूरमी में 89.30 मीटर भाला फेंका और स्टाकहोम डायमंड लीग में 30 जून को 89.94 मीटर का प्रदर्शन किया। वह 90 मीटर से महज छह सेंटीमीटर चूक गए। इस दौरान उन्होंने फिनलैंड में कुओरताने में 86.69 मीटर के साथ खिताब जीता। अब वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत जीतकर इतिहास रच दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें