चंडीगढ़। ट्राइसिटी में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। खुद पुलिस के आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं। बीते तीन साल में चंडीगढ़ में छह महिलाओं (अविवाहित और विवाहित) को एकतरफा प्यार में मौत के घाट उतारा जा चुका है हालांकि पुलिस ने हत्यारों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 19 नवंबर 2022 को चंडीगढ़ के बुड़ैल में एकतरफा प्रेम प्रसंग में एक युवती की हत्या हुई। आरोपी को भागने से पहले ही सेक्टर-43 बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मोहम्मद शरीक वर्ष 2020 में बुड़ैल में एक किराए के मकान में रहने आया था। इसी दौरान पड़ोस में ही रहने वाली युवती से मुलाकात हुई और फिर दोस्ती और प्रेम, लेकिन जब युवती को पता चला कि शरीक पहले से शादीशुदा है तो उसने उससे बात करनी बंद कर दी। 19 नवंबर को जब युवती की मां घर लौटी तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है और बेटी पलंग पर बेहोश पड़ी है। युवती को सेक्टर-16 अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। कोई जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या की गई थी। आरोपी मूलरूप से बिहार का रहने वाला था और फूड डिलीवरी का काम कर रहा था। आरोपी ने एकतरफा प्रेम के चलते इस घटना को अंजाम दिया था।
वहीं, हल्लोमाजरा में 21 अक्तूबर 2021 को प्रेम प्रसंग में एक विवाहिता की उसके प्रेमी ने ही चाकू से गोदकर बेहरमी से हत्या कर दी थी। पति की शिकायत पर मृतका के प्रेमी जतिंद्र के खिलाफ सेक्टर-31 थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। महिला पति और अपने लड़के के साथ हल्लोमाजरा में रहती थी। पति निजी कंपनी में नौकरी करता था। 21 अक्तूबर को जब महिला का बेटा स्कूल से वापस लौटा को उसकी मां का खून से लथपथ शव बेड पर पड़ा था। पुलिस ने कॉल डिटेल निकाली तो जतिंद्र का नंबर सामने आया, जिससे महिला सबसे अधिक बातें करती थी। जांच में पता चला कि पति की अनुपस्थिति में जतिंद्र महिला के घर आता-जाता था। घटना से कुछ दिन पहले महिला ने जतिंद्र से बात करने से इंकार कर दिया था जिसके चलते सब्जी बेचने वाले आशिक ने विवाहिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।
इसके अलावा 20 अगस्त 2022 को सेक्टर-41 में 22 साल की युवती अंजलि का उसके सगे मामा ने ही गला रेतकर हत्या कर दी थी। आरोपी मामा झज्जर निवासी सतबीर था जिसके खिलाफ भांजी की हत्या का केस दर्ज किया गया। मृतका पंजाब यूनिवर्सिटी में बीए की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस जांच में हत्या के पीछे यह वजह सामने आई कि मामा सतबीर अपनी भांजी से एक लड़के के साथ बाचतीच करने से नाराज था। भांजी के प्रेम-प्रसंग में ही उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी सतबीर का क्राइम रिकॉर्ड निकला तो पता चला कि उसने वर्ष 2007 में अपनी पत्नी और सास की बेरहमी से झज्जर में हत्या की थी। इस मामले में गिरफ्तारी के बाद उसे सजा हो चुकी है। साल 2014 में पैरोल पर बाहर आने के बाद सतबीर दोबारा जेल में नहीं पहुंचा। कोर्ट ने उसे भगोड़ा करार दिया हुआ है।
शक में पत्नी का ही चाकू से गला रेतकर कर दी हत्या : 22 अगस्त 2022 को किशनगढ़ स्थित किराये के मकान में परिवार के साथ रहने वाले नेपाल निवासी 26 वर्षीय रेशम ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की चाकू से गला रेत कर हत्या की कर दी थी। इसके बाद उसने अपनी दो साल की मासूम बेटी को गला घोंटकर मार डाला था। पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद रेशम ने पंखे की कुंडी से दुप्पटे से फंदा लगाकर खुद भी सुसाइड कर लिया था। वहीं, 12 मार्च 2023 को नेपाल निवासी युवक ने किशनगढ़ के होटल में महज पांच महीने पहले शादी हुई पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। युवक शादी के महज पांच महीने बाद ही पत्नी के साथ बेवफाई करने लगा और किसी अन्य महिला के साथ भाग गया। पत्नी ने भी किसी और से दिल लगा लिया लेकिन ये बात उसके पति को हजम नहीं हुई और उसने अपनी पत्नी को किशनगढ़ के ही होटल में बुलाकर उसका गला काट डाला।