ज्वेलर्स की दुकान में नकली गहने रखकर असली गहने उड़ाने वाली मां-बेटी के पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद मामले में फरार चल रही एक अन्य आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला की दूसरी बेटी अनामिका वर्मा है। वहीं मामले में मुख्य आरोपी महिला का बेटा अंकुश अब तक फरार चल रहा है। पुलिस ने अनामिका को जिला अदालत में पेश किया और वहां से उसे न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल भेज दिया।
डीएसपी साउथ दीपक यादव के अनुसार चौथे आरोपी अंकुश की तलाश में जम्मू और दिल्ली में छापेमारी की जा रही है। अनामिका और अन्य के खिलाफ सेक्टर-35 स्थित एक ज्वैलर ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले में उसकी थाना पुलिस ने गिरफ्तारी की है। ज्वैलर्स की ओर से पुलिस को दी गई सीसीटीवी फुटेज में अनामिका, उसकी मां रीटा वर्मा, बहन अराधना वर्मा और अंकुश वर्मा के होने की पुष्टि हुई है।
यह है मामला
पिछले सप्ताह सेक्टर-35 स्थित सुंदर ज्वैलर की दुकान पर अराधना, अंकुश और एक महिला रीटा वर्मा गहने देखने पहुंचे थे। ज्वैलर के अनुसार उन्होंने दो नकली अंगूठियां रख दीं और असली ले गईं। चोरी का पता लगने पर ज्वैलर ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो तीनों पर शक हुआ था। इसकी पुलिस को भी शिकायत दी गई। इसके साथ ही ज्वैलर ने सीसीटीवी फोटो ज्वेलर्स एसोसिएशन के व्हाट्सएप ग्रुप में डाल दी।
इसके बाद बीते शुक्रवार को ही शाम करीब 8 बजे सेक्टर-34 स्थित ज्वेलर के पास शाम को रीटा, अराधना और अंकुश अंगूठियां देखने पहुंचे। इसके बाद दुकान पर मौजूद कर्मचारियों ने आरोपियों को पहचान लिया। यहां भी उन्होंने एक अंगूठी बदली। इसके बाद दुकानदारों ने मां-बेटी को पकड़कर पुलिस को फोन कर दिया, जबकि अंकुश मौके से भाग गया। पुलिस ने दोनों मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया।