चंडीगढ़। पंजाब विवि के स्टूडेंट सेंटर के कॉफी हाउस में बुधवार को छात्र संगठन सीवाईएसएस की ओर से घोषणापत्र जारी किया गया। इस दौरान सीवाईएसएस के छात्र नेता नवलदीप, पारस ने बताया कि अगर संगठन इस बार फिर जीत दर्ज करता है तो आईएएस और ज्यूडिशरी की कोचिंग विभाग में मुफ्त दिलवाने का काम किया जाएगा। साथ ही विभागों की प्लेसमेंट सेल के साथ मिलकर प्लेसमेंट में सुधार के लिए प्रयास करेंगे। साउथ परिसर में पानी की कमी को दूर करने के लिए अंडरग्राउंड वाटर स्टोरेज बनाने का काम करेंगे।इस दौरान पारस ने बताया कि यूनिवर्सिटी से बाहर शोधार्थियों को गाइड मिलने पर भी उन्हें पीयू परिसर में छात्रावास दिलवाया जाएगा। छात्रावास कैंटीन और मैस में एसी की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। यूनिवर्सिटी स्तर पर आर्ट और कल्चर सोसाइटी बनाई जाएगी। सभी विद्यार्थियों की संस्थान की ई-मेल आईडी बनाई जाएगी। इससे उन्हें संस्थान की सभी सूचनाएं समय पर मिलती रहेंगी। सीआईएल और सैफ लैब में उपकरणों को अपग्रेड करवाया जाएगा। पीयू डिस्पेंसरी के समय को बढ़वाया जाएगा। विभागों में इंटर डिस्पेलनरी कौशल आधारित कार्यशालाएं आयोजित करवाई जाएंगी। लड़के और लड़कियों के छात्रावास में फिटनेस सेंटर बनवाए जाएंगे। साउथ परिसर के छात्रावासों के बाहर ई-रिक्शा स्टैंड बनवाया जाएगा। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अलग से वाॅशरूम की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।