चंडीगढ़। हल्लोमाजरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब घर में खाना बनाते वक्त सिलिंडर लीकेज के चलते आग लग गई। आग ने इतनी भयानक थी कि फायर कर्मियों को बुझाने में करीब एक घंटे का वक्त लग गया।
हालांकि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार हल्लोमाजरा के मकान नंबर 1671 में बब्लू यादव का परिवार रहता है। रात करीब 10 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि हल्लोमाजरा स्थित मकान में सिलिंडर लीकेज के चलते आग लगी हुई है। सूचना पर रामदरबार और इंडस्ट्रीयल एरिया फेस-1 से फायरमैन संदीप कुमार, बलजिंदर सिंह, फायरमैन अनिल कुमार और वाटर टेंडर सीनियर फायरमैन सीताराम मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि घटना के वक्त पास में एक और सिलिंडर भी रखा था। अगर आग दूसरे सिलिंडर में भी लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं फायर टीम की जांच में सामने आया कि खाना बनाते वक्त रेगुलेटर से गैस लीक हो गई जिसके चलते सिलिंडर में आग लग गई। वहीं आग से घर का अन्य सामान भी जलकर राख हो गया है।