चंडीगढ़। नीरज रायका ने मैंस एलीट (18-40 आयु) वर्ग में रोड कैटेगरी और अनीश दुबे ने एमटीबी कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल कर साइक्लिंग चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। चंडीगढ़ ट्राइसिटी में साइक्लिंग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में जुटी कम्युनिटी ग्रुप साइकिलगढ़ द्वारा न्यू चंडीगढ़ से कुराली जंक्शन के बीच 40 किलोमीटर में आयोजित इस चैंपियनशिप में लगभग 75 साइकिलिस्टों ने दमखम दिखाया। रोड कैटेगरी में जय डोगरा को दूसरा स्थान जबकि वरुण जैन को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
एमटीबी कैटेगरी में आशीष शर्मा और संजय सिंह दूसरे व तीसरे स्थान पर काबिज रहे। रोड कैटेगरी के जूनियर (15-18 वर्ष) वर्ग में कनव सैनी ने बाजी मारी जबकि गुरआशीष को दूसरा और ऐजेंलो एनरिक फ्रेंसिस तीसरे स्थान पर रहे। इसी कैटेगरी के मास्टर्स (40-60 वर्ष) वर्ग में गोविंद ढांडा को पहला पुरस्कार मिला। सनी जुनेजा दूसरे जबकि गौरवजीत तीसरे स्थान पर रहे।
जूनियर वर्ग में प्रिंस कुमार और मास्टर्स में दीपक सिंगला ने मारी बाजी
वहीं दूसरी और एमटीबी कैटेगरी के जूनियर वर्ग (15-18 वर्ष) में प्रिंस कुमार चैंपियन बने। दूसरे स्थान पर मंयक सिंह और तीसरे स्थान पर रहे आरव गुप्ता को पछाड़ा। इसी कैटेगरी के मास्टर्स (40-60 वर्ष) वर्ग में दीपक सिंगला ने बाजी मारी। नरेश कुमार दूसरे जबकि छवि कुमार को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
महिलाओं में हिमांशी सिंह और लकीशा ने मारी बाजी
महिलाओं के 18 वर्ष से अधिक कैटेगरी में हिमांशी सिंह ने खिताब अपने नाम किया जबकि स्वाति सबलोक दूसरे और अनामिका तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर कैटेगरी में लकीशा ने बाजी मारी जिन्होंनें हरसिमरत कौर को पछाड़ा।