चंडीगढ़। यूटी प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग में शहर के उन रास्तों पर भी साइकिल ट्रैक बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जहां साइकिल ट्रैक नहीं हैं। विभाग विकास मार्ग पर ग्रेन मार्केट चौक से लेकर सेक्टर-47 के टी पॉइंट तक दोनों ओर साइकिल ट्रैक बनाने जा रहा है। शांति पथ पर डड्डूमाजरा कॉलोनी तक भी साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा।इंजीनियरिंग विभाग की तरफ से विकास मार्ग पर जंक्शन नबर-54 से लेकर जंक्शन नंबर-63 तक दोनों ओर साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा। इस पर कुल करीब चार करोड़ 64 लाख का खर्च आएगा। इंजीनियरिंग विभाग ने निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इच्छुक एजेंसियां 23 फरवरी तक आवेदन कर सकती हैं। इसी दिन दोपहर तीन बजे टेंडर की बोलियां खोली जाएंगी।
शांति पथ पर भी बनेगा साइकिल ट्रैक
इसके अलावा विभाग ने शांति पथ पर जंक्शन नंबर-44 से लेकर डड्डूमाजरा कॉलोनी तक की दोनों ओर भी साइकिल ट्रैक बनाने को लेकर टेंडर जारी किया है। इस पर कुल करीब साढ़े 73 लाख रुपये का खर्च आएगा। इसकी बोली भी 23 फरवरी को खोली जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि उन साइकिल ट्रैकों की भी मरम्मत की जा रही है, जो टूटे हुए हैं। इसके अलावा अब तक शहर के लगभग सभी हिस्सों में साइकिल ट्रैक बना दिए हैं, जो कुछ इलाके बाकी रह गए थे उन पर साइकिल ट्रैक बनाने का काम किया जा रहा है।