कोरोना मुक्त होने के साथ ही मोहाली प्रशासन ने अब जिले के लोगों को बड़ी राहत दी है। जिले में करीब दो महीने से बंद पड़ी सीटीयू बस सर्विस शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। इस संबंध में डीसी गिरीश दियालन ने बताया कि राज्य सरकार की तरफ से सीटीयू को मोहाली के तीनों तहसील खरड़, मोहाली और डेराबस्सी क्षेत्रों में बस चलाने की अनुमति दे दी है।
इससे उन परिवारों को काफी फायदा होगा, जिनके पास दो वाहन थे। लेकिन कोरोना गाइडलाइन के चलते वह अपने वाहन पर परिवार समेत कहीं जा नहीं पा रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक मोहाली जिले में सीटीयू की बस सर्विस दो महीने से बंद पड़ी थी। हालांकि मोहाली में कर्फ्यू कुछ दिन पहले खुल गया था। लेकिन लोकल बस सर्विस न होने के चलते मोहाली के लोगों को काफी दिक्कत आ रही थी। हालांकि बुधवार को पंजाब रोडवेज की तरफ से अपनी बस सर्विस शुरू की गई थी। लेकिन उसके रूट मोहाली में नामात्र ही हैं। ऐसे में मोहाली के लोगों को कोई फायदा नहीं मिल रहा।
यह भी पढ़ें- 'बिग बॉस 13' प्रतिभागी शहनाज गिल के पिता पर दुष्कर्म केस, बेटा बोला- बदनाम करने की साजिश
वहीं, दूसरी तरफ सीटीयू की अधिकतर बसों के रूट भी ट्राइसिटी में हैं। चंडीगढ़ में बस सर्विस चलाकर मोहाली को भी नुकसान उठाना पड़ रहा था। इसी मामले को लेकर पंजाब और चंडीगढ़ के अधिकारियों की मीटिंग हुई। इसमें मोहाली जिले में बस सर्विस को मंजूरी दे दी गई। इस दौरान सीटीयू की बसें जीरकपुर और खरड़ नगर काउंसिलों की हद में चलाने की अनुमति दी है। डीसी गिरीश दियालन ने कहा कि सचिवालय में तैनात मुलाजिमों के लिए राज्य सरकार बसें चलाएगी। इन बसों के चलने से इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
रोजाना 80 हजार लोग करते हैं सफर
बता दें कि आम दिनों में मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला के करीब 80 हजार लोग रोजाना नौकरी और अन्य कामों के लिए निजी वाहन और अन्य वाहनों से सफर करते हैं। जिन्हें बस सर्विस से काफी फायदा मिलेगा। हालांकि बस में सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन बहुत ही जरूरी होगा। क्योंकि अभी कोरोना का खतरा पूरी तरह टला नहीं है। बिना मास्क वाले लोग बस यात्रा नहीं कर पाएंगे। सभी बसों को अपना सफर पूरा करने के बाद सैनिटाइज किया जाएगा।