हरियाणा सरकार ने भारतीय किसान यूनियन सहित अन्य किसान संगठनों के चक्का जाम के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। चक्का जाम से निपटने के लिए सीआरपीएफ की चार कंपनियां बुलाई गई हैं। इन्हें अंबाला, कुरुक्षेत्र, सोनीपत और जींद में तैनात किया गया है।
पुलिस महानिदेशक बीएस संधू ने कहा कि शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के बंद के मद्देनजर पुलिस विभाग सतर्क है। सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी। किसी को कानून-व्यवस्था हाथ में नहीं लेने दी जाएगी। किसान शांतिपूर्वक तरीके से अपना आंदोलन करें।
बता दें कि राष्ट्रीय किसान महासंघ के बैनर तले शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन अंबाला के मोहड़ा में 12 से तीन बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करेगी। इसका नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी करेंगे। अन्य जिलों में यूनियन की इकाईयां प्रदर्शन करेंगी।
भाकियू प्रवक्ता राकेश कुमार ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में स्वामीनाथ आयोग की रिपोर्ट लागू कराना, कर्ज माफी, किसानों को पेंशन, मध्यप्रदेश में किसानों पर गोली चलाने वालों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज करना और मध्यप्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करवाना है।