नौकरी दिलाने का झांसा देकर जॉब प्लेसमेंट एजेंसी चलाने वाले व्यक्ति ने एक महिला से छेड़छाड़ की। वह नौकरी के लिए इंटरव्यू दिलाने के बहाने शुक्रवार को उसे जबरन कार में बैठाकर ले जा रहा था। आरोप है उसने दिन दिहाड़े चलती कार में उससे छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी उसे रास्ते छोड़ कर भाग गया।
स्थानीय पुलिस ने इस संबंध में पीड़िता की शिकायत पर आरोपी मोहाली निवासी उपिंदर शर्मा के विरुद्ध छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहाली फेज-एक में प्लेसमेंट कंपनी के कार्यालय में लगभग 15 दिन पहले इस महिला ने नौकरी की, लेकिन आरोपी के गलत हरकतें करने कारण महिला ने नौकरी छोड़ दी। बाद में आरोपी उसे फोन करने लगा। उसकी अश्लील बातों से वह डर गई थी। लेकिन उसने सारी बात अपने भाई एवं पति को बता दी। कई बार आरोपी को मना करने के बावजूद वह उसे फोन पर अश्लील बातें करता रहा।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को दिन में 11 बजे आरोपी ने उसे फोन कर एक रेस्टोरेंट के सामने आने को कहा। जहां पहुंचने पर आरोपी ने कहा कि उसे नौकरी पाने के लिए चंडीगढ़ जाना है। जहां उसका इंटरव्यू होगा। उसने मना कर दिया, लेकिन आरोपी ने उसे जबरन कार में धकेल लिया एवं चंडीगढ़ ले जाने की बजाय सन्नी एनक्लेव की ओर ले गया, जहां रास्ते में आरोपी ने उससे छेड़छाड़ की।
महिला के शोर मचाने पर आरोपी उसे कार से उतार कर भाग गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध 354ए, 354बी एवं 354सी के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार बताया जाता है। पीड़िता मोहाली में तैनात पंजाब पुलिसकर्मी की पत्नी बताई जाती है।