लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस ने रविवार को एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पंचकूला के तस्कर से गांजा लाकर लुधियाना में सप्लाई करती थी। संजय गांधी कालोनी से गिरफ्तार महिला के कब्जे से पुलिस ने साढ़े 13 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने संजय गांधी कालोनी की रहने वाली ममता रानी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने रविवार को आरोपी महिला को अदालत में पेश किया। वहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ करने में जुटी है। एएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि आरोपी महिला बड़े लेवल पर तस्करी का धंधा करती है। पुलिस ने आरोपी महिला के घर छापामारी की। घर से साढ़े 13 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि आरोपी महिला मूल रुप से चंडीगढ़ की रहने वाली है।
उसकी तीन साल पहले संजय गांधी कालोनी के रहने वाले व्यक्ति के साथ शादी हुई थी। उसके पति की जूते की दुकान है। अधिक पैसा कमाने के चक्कर में महिला ने नशा तस्करी का धंधा चुना। उसने पंचकूला में रहने वाले अपने जानकार तस्कर से गांजा लेकर सप्लाई करना शुरू कर दिया। वह चंडीगढ़ परिजनों के पास जाती और पंचकूला के तस्कर से गांजा लेकर आ जाती थी। यहां पर वह ईडबल्यूएस कालोनी और घोड़ा कालोनी में लोगों को गांजा सप्लाई करती थी। आरोपी महिला का पति पुलिस की छापामारी के बाद से ही फरार है।