श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने एसजीपीसी को श्री अकाल तख्त साहिब पर तलवारें चलने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
इस संबंध में श्री अकाल तख्त साहिब से एसजीपीसी के अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ को पत्र जारी कर दिया गया है। इस पत्र में एसजीपीसी अध्यक्ष को आदेश दिए गए हैं कि घटना की जांच के लिए एक सब कमेटी गठित की जाए।
यह सब कमेटी जल्दी से जल्दी मामले की जांच करके श्री अकाल तख्त साहिब पर रिपोर्ट पेश करे। जो भी इस मामले में आरोपी पाया गया उसके खिलाफ सख्त से सख्त धार्मिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को ऑपरेशन ब्लू स्टार की 30वीं बरसी पर अकाल तख्त पर हिंसक झड़प हो गई थी।
जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि परंपरा के अनुसार ब्लू स्टार की वर्षगांठ पर सिर्फ श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार की ओर से ही संदेश दिया जाता है।
अन्य किसी को भी बोलने की अनुमति नहीं होती। कुछ शरारती लोगों ने इस परंपरा को तोड़ा और एसजीपीसी कर्मचारियों पर तलवारें चलाई। श्री अकाल तख्त साहिब के ग्रंथी ज्ञानी भगवान सिंह ने आरोप लगाया कि हमेशा से ही 6 जून का कार्यक्रम बहुत ही शांतिमय ढंग से होता रहा है।
जब से अकाली-भाजपा गठजोड़ सत्ता में आया है, उनके वर्करों का लगातार 1997 से इस कार्यक्रम में हस्तक्षेप रहा है। इस कार्यक्रम में कुछ लोगों को सम्मनित किए जाने को लेकर विवाद बनता रहा है और हालात प्रभावित होते रहे हैं।