अपराधियों की धरपकड़ के लिए रविवार को डीएसपी की अगुवाई में अभियान चला तो रात के अंधेरे में विकास के परिजनों पर पथराव हुआ। डरा व घबराया परिवार सोमवार को दोपहर एसएसपी सुखचैन सिंह गिल से मिलने पुलिस मुख्यालय पहुंचा। एसएसपी ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया है।
सेक्टर 25 में 18 साल का बेटा खो चुके ओमप्रकाश और उसके परिवार पर शराब माफिया ने हमले तेज कर दिए हैं। ओमप्रकाश ने बताया कि रविवार को देर रात उनके घर पर गिरफ्तार लोगों के साथियों ने पथराव किया। जबकि उस समय वहां पुलिस की जिप्सी भी खड़ी थी। जब जिप्सी वालों को बताया तो उनकी हिम्मत भी नहीं पड़ी कि गलियों में जाकर देख सकें कि पथराव किसने किया है।
इससे पहले भी शनिवार को रात करीब 30 हथियार बंद युवकों ने ओमप्रकाश के घर के पास नंगी तलवारें लहराई थी और हमला करने की फिराक में आए थे। पीड़ित परिजनों का कहना है कि सेक्टर 25 उनके लिए सेफ नहीं है। गली गली में अवैध शराब और नशे की चीजें बिक रहीं हैं। कोई अगर आवाज उठाने की कोशिश करता है तो उस पर हमले होते हैं।