उत्तर प्रदेश में एटीएस द्वारा पकड़े गए संदिग्ध आतंकियों में से एक फकरे आलम उर्फ रिशु का मोहाली से गहरा रिश्ता है। उसने चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेस झंजेड़ी से मेकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वहीं, उसे पढ़ाने वाले अध्यापक भी उसकी गिरफ्तारी के बारे में सुनकर काफी हैरान हैं। किसी को इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा है। अध्यापकों के मुताबिक आलम काफी शांत था और वह रोजाना कॉलेज आता था। उसे मशीनों से भी लगाव था। वह प्रैक्टिकल की कक्षाएं कभी मिस नहीं करता था।
फार्म भरने के लिए 20 मार्च को आना था कॉलेज
वहीं, संस्थान के एक अध्यापक ने नाम न लिखने की शर्त पर बताया कि आलम को उन्होंने किसी से बहस करते नहीं देखा। वह पढ़ाई में औसत छात्र था। उसकी तीन कंपार्टमेंट आई थी, जो दूसरे चौथे और पांचवें सेमेस्टर में थी। अध्यापक ने बताया कि जब कुछ पहले उन्होंने उससे पूछा कि तुम परीक्षा के लिए फार्म कब भरोगे तो उसने बताया था कि वह 20 मार्च को कॉलेज आएगा। वहीं, पता चला है कि आलम के बैच के सभी छात्र विभिन्न कंपनियों व संस्थानों में छह माह की ट्रेनिंग ले रहे हैं। क्योंकि उसका फाइनल सेमेस्टर था।