अमृतसर में भी हवालाती चकमा देकर भागा
अमृतसर की फताहपुर केंद्रीय जेल से मेडिकल जांच के लिए लाया गया हवालाती हरपाल सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को फरार होने में मदद करने पर उसकी पत्नी वरीतपाल कौर और उसके एक रिश्तेदार मनजीत सिंह बाउ पर केस दर्ज किया गया है। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एएसआई कुलवंत सिंह और सिपाही शमशेर सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक थाना लोपोके के गांव ठट्ठा निवासी हरपाल सिंह को हत्या के प्रयास के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, क्योंकि उसे क्रॉस केस में गिरफ्तार किया गया है तो वह भी जख्मी था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेजा था। चूंकि वह जख्मी था तो जेल प्रशासन ने मेडिकल और इलाज के खातिर गुरु नानक देव अस्पताल भेजा था।
इस दौरान लोपोके थाना के एएसआई कुलवंत सिंह और सिपाही शमशेर सिंह को उसकी सुरक्षा में लगाया गया। बताया गया कि इस बीच हवालाती हरपाल सिंह की पत्नी वरीतपाल कौर और रिश्तेदार मनजीत सिंह बाउ निवासी ठट्ठा आरोपी के पास पहुंचे और मौका मिलते ही आरोपी हरपाल को लेकर रफ्फू चक्कर हो गए।