कोटकपूरा(फरीदकोट) के मोहल्ला प्रेम नगर के एक घर में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार रात अचानक आग लगने पर हुए विस्फोट से दो की मौत हो गई । आग के चिंगारी घर में स्टोर आतिशबाजी की खेप व विस्फोटक सामग्री पर गिरने के बाद जोरदार धमाका हुआ और कमरे की छत तक गिर गई।
इस घटनाक्रम में बुरी तरह झुलसे पटाखा फैक्ट्री के संचालक तारा सिंह(62) व मोहल्ले के ही एक किशोर संदीप सिंह(15) की मौत हो गई। इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्यवाही की है।
जानकारी के अनुसार प्रेम नगर निवासी तारा सिंह का परिवार पिछले कई सालों से ही पटाखे बनाने का काम कर रहा था और इससे पहले भी वह इसी तरह के एक हादसे में अपनी बेटी व पुत्रवधु को खो चुका है और एकबेटे की आंखों की रोशनी तक जा चुकी है। इन दिनों भी तारा सिंह अवैध रूप से पटाखा व आतिशबाजी बनाने का काम कर रहा था और इसके लिए उसने अपने मोहल्ले के ही एक घर में एक कमरा किराये पर ले रखा था।
धमाका हुआ और कमरे की छत तक गिर गई
fireworks factory explosion
- फोटो : amar ujala
शुक्रवार रात वह अपने बेटे दारा सिंह के घर से खाना खाने के बाद उक्त किराये वाले कमरे में आ गया और पटाखे बनाने में जुट गया। इस दौरान उसके पास मोहल्ले का एक बालक संदीप सिंह भी मौजूद था कि अचानक कमरे में आग लग गई और आग की चिंगारी के वहां पर तैयार आतिशबाजी की खेप व उसे बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री पर गिर गई जिसके चलते एक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोटक सामग्री के धमाके की वजह से तारा सिंह व संदीप सिंह बुरी तरह झुलस गए। मौके पर जुटे मोहल्ला निवासियों ने दोनों को बाहर निकाला और फायर बिग्रेड की सूचना दी गई।
फायर बिग्रेड की गाडिय़ों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबु पाया लेकिन तब तक कमरे में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया और आग से कमजोर हुई कमरे की छत भी गिर गई। दोनों को पहले स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया और वहां से उन्हें फरीदकोट के गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल रैफर कर दिया गया। जहां ईलाज के दौरान तारा सिंह की तो शुक्रवार रात को ही मौत हो गई जबकि संदीप सिंह ने शनिवार बाद दोपहर दम तोड़ दिया।
केस के जांच अधिकारी एएसआई सिकंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद वारिसों के हवाले कर दिया है। उधर इस घटनाक्रम के बाद मौके पर जुटी भीड़ की आड़ में कुछ अज्ञात लोग पड़ोस में रहती विधवा सुनीता के कमरे में घुस गए और वहां से सोने के गहने व 60 हजार रूपये की नगदी चोरी करके ले गए। इस मामले की पुलिस अलग से जांच कर रही है।