रेड लाइट जंप करने के आरोप में पुलिस ने जब कार सवार दो युवतियों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों ट्रैफिक पुलिसकर्मी से उलझ पड़ी। दोनों कांस्टेबल की वर्दी तक फाड़ डाली। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। इसके बाद सेक्टर-36 थाने से जांच अधिकारी समेत महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों का मेडिकल कराया गया।
शराब की पुष्टि होने पर पुलिस ने कांस्टेबल मंजीत कुमार की शिकायत पर मोहाली और मनीमाजरा निवासी दोनों युवतियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को पुलिस ने दोनों को जिला अदालत में पेश किया। आरोपियों में से एक शादीशुदा है तो वहीं दूसरी की दो दिन बाद शादी है। इसे आधार बनाते हुए बचाव पक्ष के वकील ने जमानत देने की अपील की। इसे अदालत ने मंजूर करते हुए दोनों को जमानत दे दी।
सेक्टर-36 थाना एसएचओ नसीब सिंह के अनुसार सोमवार शाम सेक्टर-43 स्थित ज्यूडिशल एकेडमी के पास एक कार तेजी से आई और रेड लाइट जंप कर निकल गई। वहां पास में ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी थे। उन्होंने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वह तेजी से निकल गए। इस पर ट्रैफिक पुलिस ने उनका पीछा किया और उन्हें ज्यूडिशियल अकेडमी के सामने आईएसबीटी को जाने वाली सड़क पर रोक लिया। इस पर ट्रैफिक कांस्टेबल मंजित उनके पास पहुंचा तो कार में आगे दो युवतियां और पीछे दो युवक बैठे थे। दोनों युवतियों ने कार रुकवाने के लिए मंजीत से अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं युवतियों ने उसकी वर्दी तक फाड़ डाली। इस पर मंजीत ने पाया की दोनों युवतियां नशे में है तो उसने फौरन इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर सेक्टर-36 थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। वहां दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। थाना पुलिस ने मंजीत की शिकायत पर दोनों युवितयों के खिलाफ ट्रैफिक कर्मी से अभद्र व्यवहार, वर्दी फाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धारा के तहत केस दर्ज कर मंगलवार सुबह उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।