फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लुधियाना पुलिस मुठभेड़ का सच जानना चाहेंगे?

Sun, 28 Sep 2014 12:58 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लुधियाना
विज्ञापन
विज्ञापन
हत्या के प्रयास में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए गई थाना माछीवाड़ा की पुलिस टीम की फायरिंग में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया।
विज्ञापन


घटना जमालपुर की आहलुवालिया कॉलोनी की है। मुठभेड़ में मारे गए युवकों की पहचान माछीवाड़ा के गांव गोवापुर निवासी जतिंदर और हरिंदर सिंह के रूप में हुई है। वहीं काबू किए गए युवकों की पहचान पुलिस ने उजागर नहीं की है।

पुलिस ने मामले को पहले मुठभेड़ बताया लेकिन बात बिगड़ने पर गांव तखरां की सरपंच के पति गुरजीत सिंह और थाना माछीवाड़ा में तैनात तीन कांस्टेबलों पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। वहीं थाना माछीवाड़ा के एसएचओ मनिंदरजीत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
विज्ञापन

मुठभेड़ की जानकारी नहीं दी

खन्ना पुलिस ने लुधियाना के जमालपुर में आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की, लेकिन उन्होंने लुधियाना पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी।

वहीं आरोपियों को मार गिराने के बाद भी लुधियाना पुलिस को कुछ नहीं बताया गया। आसपास के लोगों ने घटना के बाद पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर कमिश्नर प्रमोद बान, डीआईजी लुधियाना रेंज गुरिंदर सिंह ढिल्लों मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल भी बरामद की है, जो आरोपियों की बताई जा रही है।

ये है मामला: तखरां, माछीवाड़ा निवासी हरमनप्रीत सिंह की शिकायत पर 21 अगस्त को नौ युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। इनमें से पांच युवक पिछले दो महीने से आहलुवालिया कॉलोनी निवासी सिमरन कौर के घर में बतौर पीजी रह रहे थे। इन्हीं की गिरफ्तारी के लिए खन्ना पुलिस आहलुवालिया कॉलोनी पहुंची थी।

घर में घुसते ही शुरू हुई फायरिंग

पुलिस कमिश्नर प्रमोद बान ने बताया कि शनिवार सुबह माछीवाड़ा में तैनात तीन कांस्टेबल तखरां की सरपंच के पति गुरजीत सिंह को साथ लेकर आहलुवालिया कॉलोनी पहुंचे।

जब पुलिस सिमरन कौर के घर में दाखिल हुई तो आरोपियों ने पुलिस मुलाजिमों और गुरजीत सिंह के साथ हाथापाई कर उनसे हथियार छीनने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस मुलाजिमों ने अपने बचाव में गोली चलाई, जिससे दोनों सगे भाइयों की मौत हो गई। कमिश्नर बान ने कहा कि अभी सब आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

उनकी तलाश में छापेमारी का जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खन्ना पुलिस ने एसएचओ मनिंदरजीत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
विज्ञापन

ऐसे हुई पुलिस मुठभेड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब नौ बजे खन्ना पुलिस की गाड़ी में सवार चार पुलिस मुलाजिम सादे कपड़ों में आए। उनमें से तीन मुलाजिम उतरे और उन्होंने सिमरन के घर का गेट खटखटाया, लेकिन किसी ने गेट नहीं खोला।

पुलिस मुलाजिमों ने सिमरन के पड़ोसियों का दरवाजा खटखटाया और ऊपर जाने की बात कहीं, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। उसके बाद मुलाजिमों ने अपनी पहचान बताई तो घर वालों ने उन्हें छत पर जाने दिया। पड़ोसियों के घर से साथ वाले घर में घुसते ही अंदर से गोलियां चलने की आवाज आने लगी।

गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई। अन्य युवकों ने फरार होने की कोशिश की, लेकिन मुलाजिमों ने एक को घर में ही काबू कर लिया। दो युवक गली में निकले तो उन्होंने बाहर खड़े मुलाजिम से उसका हथियार छीनने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके और भागने लगे।

मुलाजिम ने गोली मारने की धमकी दी तो एक आरोपी डर कर रुक गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस ने उसे काबू किया और दोनों आरोपियों को जीप में डाल कर वहां से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि पुलिस और आरोपियों के बीच करीब एक दर्जन से ज्यादा गोलियां चली हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स ने घटनास्थल से कई खोल भी बरामद किए हैं।
 
प्रमोद बान, कमिश्नर ने बताया कि खन्ना पुलिस ने आहलुवालिया कॉलोनी में छापामारी करने से पहले लुधियाना पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी। न तो इस छापामारी के बारे में उन्हें पता था और न ही इलाका थाने की पुलिस को सूचित किया गया था। मामले की मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें