क्राइम ब्रांच ने कार का टायर पंचर कर उससे नगदी चुराने वाले गैंग के मुख्य सरगना को दिल्ली से काबू किया है। उसके दो साथी अब भी फरार है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया है और दूसरे मामलों की जांच कर रही है।
क्राइम ब्रांच के डीएसपी जगबीर सिंह ने बताया कि 14 जनवरी को सेक्टर-22 पेट्रोल पंप पर तीन युवकों ने ज्वेलर की गाड़ी का टायर पंचर कर उससे साढ़े चार लाख रुपयों से भरा बैग चुरा लिया था। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान इंदरजीत, दिल्ली निवासी के रूप में हुई है। इंदरजीत के दो साथी अमित और अरुण भी वारदात में शामिल थे। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
दिल्ली से चंडीगढ़ आता था गैंग
पुलिस ने बताया कि यह गैंग दिल्ली में रहता था और चोरी के पैसे सभी सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक इंदरजीत और उसके साथी स्कूटर पर रेकी करते थे कि कौन व्यक्ति किस समय नगदी लेकर निकलता है। इससे बाद टायर पंचर या बोनट के पास तेल गिरा देते थे।
चालक को झांसा देकर कार से नगदी भरा बैग लेकर फरार हो जाते थे। रेकी में इस्तेमाल किए जाने वाले स्कूटर या मोटरसाइकिल को मार्केट की पार्किंग में खड़ा कर देते थे। उसके बाद दिल्ली भाग जाते थे। आरोपी हफ्ते पंद्रह दिन में शहर आते थे और घटना को अंजाम देकर लौट जाते थे। पुलिस ने आरोपी से करीब साढ़े चार लाख की नगदी, एक टायर पंचर करने वाला सुआ और लोहे के छर्रे बरामद किए हैं।
ट्राइसिटी में चार वारदात
इंदरजीत की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बीते साल सेक्टर-36 थाना क्षेत्र से एक प्रॉपर्टी डीलर की कार से ढाई लाख रुपये की चोरी का मामला सुलझाने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने ट्राइसिटी में करीब चार वारदातों को अंजाम दिया है। शनिवार को पुलिस ने इंदरजीत को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन फरवरी तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया।