चोरों ने सेक्टर-39 स्थित एक आईपीएस के घर से सारा सामान चोरी कर लिया। इसके लिए चोरों ने ट्रक का इस्तेमाल किया।
चोर बड़ी आसानी से एक ट्रक में डबल बेड समेत घर का सारा सामन लाद कर ले गए। आईपीएस प्रदीप यादव की पत्नी पल्लवी यादव ने बताया कि उनके पति की नियुक्ति यूपी के लखनऊ में हुई है जिसके चलते वह करीब एक महीने पहले अपने पति के पास गई हुई थी।
शुक्रवार को जब वह वापस आईं तो उन्होंने देखा की उनके घर के ताले टूटे हुए थे। जब वह घर के अंदर दाखिल हुईं तो देखा कि घर से सारा सामना गायब था। पल्लवी यादव का कहना है कि जाने से पहले वह अपने सारे गहनों को रसोई के बर्तनों में सुरक्षित जगह में रखकर गई थीं, लेकिन चोरों ने रसोई के बर्तन भी नहीं छोड़े।
चोर उनके घर से बेड, टीवी समेत सारा सामान उठाकर पूरा घर खाली कर गए। पल्लवी ने जब आस पड़ोस के लोगों से पूछा तो पता चला कि करीब 15 दिन पहले दो व्यक्ति उनके घर में ट्रक लेकर आए थे और उसमें सारा सामान लाद कर ले गए।
पूछने पर उन्होंने बताया था कि साहब ने सारा सामान सेक्टर-35 में लेकर आने को कहा है, जिसके बाद वह सामान लेकर चले गए। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। उधर पुलिस को कहना है कि मामला कुछ संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल डीडीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।