धुंध में स्कूल वैन की टक्कर से छात्र की मौत
गांव रोहटी बसतां के पास सोमवार सुबह धुंध में स्कूल वैन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक छात्र की मौत हो गई। वहीं दो अन्य छात्र गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी रोहटी चौकी इंचार्ज वरिंदर पाल सिंह ने बताया कि गांव कैदूपुर निवासी जगदीप सिंह (17) अपने दोस्तों भवदीप सिंह और रमनदीप सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सुबह करीब 9 बजे गांव रोहटी बसतां के पास से गुजर रहा था। तीनों नाभा के डीएवी सेंटनरी स्कूल में 12वीं कक्षा के विद्यार्थी हैं। इस दौरान धुंध काफी थी। रोहटी बसतां के पास उनके स्कूल के वैन चालक ने लापरवाही से मोटरसाइकिल में टक्कर मारी।
हादसे में तीनों बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें नाभा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं रास्ते में जगदीप सिंह की मौत हो गई। वहीं भवदीप सिंह और रमनदीप को गंभीर हालत में सरकारी राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक स्कूल वैन के चालक हरप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जगदीप सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसके पिता हाकम सिंह खेतीबाड़ी करते हैं।